आज की ताजा खबर

भीषण गर्मी में बिजली कटौती से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

top-news

सूरतगंज (बाराबंकी)। भीषण गर्मी और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को करनपुर पावर हाउस के बाहर फूट पड़ा। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने फतेहपुर–सूरतगंज मार्ग पर सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
 अघोषित कटौती से जनजीवन बेहाल 
ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में कई दिनों से लगातार अघोषित बिजली कटौती और अत्यधिक रोस्टिंग की जा रही है। दिन-रात बार-बार बिजली गुल होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी और उमस में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने बताया कि रातभर बिजली न रहने से लोग जागकर रात बिताने को मजबूर हैं।
पेयजल और सिंचाई संकट से बढ़ी परेशानी 
धरना दे रहे ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार बिजली बाधित रहने से पेयजल संकट गहराने लगा है और इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं। किसानों ने कहा कि बिजली न मिलने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे फसलों पर संकट मंडरा रहा है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नियमित आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना 
धरना प्रदर्शन की सूचना पर मोहम्मदपुर खाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूरतगंज चौकी इंचार्ज उमेश कुमार वर्मा भी दलबल के साथ मौजूद रहे। बाद में रामनगर तहसील के नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी और विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था सुधारने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।धरना समाप्त होने के बाद फतेहपुर–सूरतगंज मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में सुधार नहीं हुआ तो फिर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *