आज की ताजा खबर

राजनीति में पद आते-जाते रहते लेकिन व्यक्ति का सम्मान बना रहना चाहिए -राकेश प्रताप सिंह

top-news

मुसाफिरखाना अमेठी ।  क्षेत्र पंचायत की बैठक का आयोजन मंगलवार को ब्लॉक सभागार में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता शैलेंद्र प्रताप सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राकेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने खुलकर अपनी बात रखी। बिजली, पेयजल, सड़क एवं विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जवाब मांगा। इस दौरान एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने जल निगम एवं बिजली विभाग की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे आम जनता परेशान है।
एमएलसी ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि गांवों में पेयजल आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर बिजली लाइनें एवं अन्य लंबित समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधायक राकेश प्रताप सिंह ने सभी  क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा का आप लोग दोबारा भी जनप्रतिनिधि  चुनकर आए। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों को सप्रेम भेंट देकर सम्मानित भी किया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय बनाकर कार्य करेंगे तो विकास कार्यों में तेजी आएगी और जनता को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए अधिकारियों को उनके साथ बेहतर संबंध स्थापित कर कार्य करना चाहिए।
अपने संबोधन में विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि राजनीति में पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन व्यक्ति का सम्मान हमेशा बना रहना चाहिए।उन्होंने कहा, “मैं पद पर रहूं या न रहूं, आप पद पर रहें या न रहें, लेकिन जो सम्मान पद पर रहते हुए मिलता है वही सम्मान पद पर ना रहने के बाद भी बना रहना चाहिए। सम्मान में कभी कोई कमी नहीं आनी चाहिए।” विधायक के इस बयान पर बैठक में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ समर्थन जताया। उक्त मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश सिंह जिला पंचायत सदस्य धर्मेश धोबी उदयराज यादव खंड विकास अधिकारी विनय वर्मा एडीओ पंचायत साधूसरन एडीओ ग्राम विकास रामतेज वर्मा सचिव सत्य प्रकाश यादव अनीषा पटेल नीलम गुप्ता संजय वर्मा चंद्र सिंह ततवाल प्रिया पांडे प्रमोद श्रीवास्तव वंशराज सिंह अजय सिंह कपिल सिंह ध्रुवराज सिंह अरविंद मौर्य अशोक कनौजिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *