आज की ताजा खबर

बड़े मंगल पर भंडारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

top-news

मितौली-खीरी। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर कस्बा मितौली सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। जगह-जगह भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ब्रजेश सिंह ने कैमीभूड़ में शैलेन्द्र सिंह, लल्हौआ में सरोज सिंह, मितौली में कमलेश गौतम तथा बबौना में बीरपाल सिंह के यहां पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं कस्ता पुलिस चौकी पर थाना प्रभारी महेश पाठक एवं चौकी इंचार्ज जयकिशन तिवारी की मौजूदगी में भंडारे का आयोजन हुआ।
पलियाकलां। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर पलिया नगर पालिका की ओर से मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, हलुआ और रायता वितरित किया गया। दोपहर से ही प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर पालिका चेयरमैन लक्ष्मी देवी गुप्ता, लिपिक ज्योति मिश्रा, विजेंद्र कुमार, अंकुर सिंह सहित नगर पालिका का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
धौरहरा। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर तहसील क्षेत्र में भगवान बालाजी महाराज के प्रति श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। कस्बों और गांवों में जगह-जगह भंडारे एवं शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। बालाजी मंदिरों और प्रमुख चौराहों पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और युवा मंडलों ने पूड़ी-सब्जी, हलवा, चना सहित अन्य प्रसाद वितरित किया। भीषण गर्मी को देखते हुए कई स्थानों पर शर्बत, ठंडा पानी और फलाहार की व्यवस्था की गई। कोतवाली परिसर में भी पुलिस द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। नगर के समाजसेवी एवं मेडिकल व्यवसायी विजय जायसवाल उर्फ बिज्जू भैया ने भव्य भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
मैलानी। कस्बा मैलानी में मंगलवार को आयोजित अनोखे “वृक्ष वितरण भंडारा” की पूरे नगर में चर्चा रही। भंडारे में श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी के प्रसाद के साथ पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से निशुल्क पौधे वितरित किए गए। प्रत्येक व्यक्ति से पौधारोपण कर उसकी देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया। भाजपा नेत्री गुरमीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से यह पहल शुरू की गई है। नगर पंचायत चेयरपर्सन कीर्ति माहेश्वरी एवं समाजसेवी भवानी शंकर माहेश्वरी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में करीब 500 नीम, पीपल, सहजन और पकरिया के पौधे वितरित किए गए। इस दौरान व्यापारी अनिल गुप्ता, अभिषेक निगम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *