आज की ताजा खबर

गांव की मुख्य गली में कीचड़, फिसलकर चोटिल हो रहे लोग

top-news

अछल्दा औरैया। विकासखंड अछल्दा की ग्राम पंचायत दिवरिया में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों का जीवन मुश्किलों से घिर गया है। गांव की मुख्य गली में लंबे समय से कीचड़ और जलभराव बना हुआ है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार रामनरेश निषाद के घर से गंगा सिंह के घर तक पूरी गली कीचड़ से पटी हुई है। हालात ऐसे हैं कि रोजाना राहगीर फिसलकर गिर रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है।
गांव के निवासी अर्जुन सिंह ने बताया कि गंदगी और कीचड़ के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। आए दिन कोई न कोई फिसलकर चोटिल हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वहीं, गंगा सिंह का कहना है कि काफी समय से गली में गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जल्द समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि पूरे गांव का गंदा पानी इसी गली में भर जाता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से समस्या का स्थायी समाधान कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *