आज की ताजा खबर

डीएम-एसपी ने लिया बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा, 20 जून तक काम पूरा करने के निर्देश

top-news

कुशीनगर। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी तंवर और पुलिस अधीक्षक ने खड्डा तहसील क्षेत्र के छितौनी तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने तटबंध की मजबूती, कटान-रोधी कार्यों और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने ठोकर संख्या 8.650 और 12.700 (वीरभार) पर चल रहे मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

डीएम ने तटबंध के संवेदनशील और कटान प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ चौकियों की स्थापना, राहत एवं बचाव सामग्री, नावों की उपलब्धता और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक संसाधनों को पहले से सक्रिय और उपलब्ध रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी कार्य 20 जून तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि जिले में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग, तहसील प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *