आज की ताजा खबर

डीएम, एसपी और सीडीओ ने गौ संरक्षण केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

top-news

कुशीनगर। जनपद में गौवंशों के संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शनिवार को खड्डा तहसील क्षेत्र के कोप जंगल स्थित गौ संरक्षण केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, गौवंशों की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौ संरक्षण केंद्र में बढ़ती गौवंश संख्या को देखते हुए अतिरिक्त निर्माण कार्यों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन चरणों में विस्तार योजना तैयार करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में भी गौवंशों के संरक्षण और देखभाल में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डीएम ने केंद्र को पूर्ण रूप से संचालित किए जाने से पहले पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और निगरानी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह संतोषजनक होने के बाद ही केंद्र के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गौवंशों के आहार और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराने तथा बड़े स्तर पर नेपियर घास की बुवाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार की उपलब्धता गौवंशों के स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

भीषण गर्मी को देखते हुए गौवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा आगामी वर्षा ऋतु में केंद्र परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगभग पांच हजार पौधे लगाने के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पशुओं को बेहतर वातावरण भी मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही गौवंशों को गुड़ और चना खिलाकर उनके प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी खड्डा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *