आज की ताजा खबर

12 वर्ष विश्वास के, विकास के' अभियान को लेकर भाजपा मरौरी मंडल की कार्यसमिति बैठक संपन्न

top-news

पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे '12 वर्ष विश्वास के, विकास के' जनकल्याणकारी अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से भाजपा मरौरी मंडल की कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी विकास वाल्मीकि रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जिला मीडिया प्रभारी अभिमन्यु गंगवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष महेश राजपूत ने की तथा संचालन मंडल महामंत्री दिनेश कोरी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी विकास वाल्मीकि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सभी मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम के तहत प्रत्येक बूथ पर वृक्षारोपण किया जाएगा तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी बूथों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य वक्ता जिला मीडिया प्रभारी अभिमन्यु गंगवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी वर्ष चुनावी वर्ष होने के कारण विपक्ष विभिन्न माध्यमों से भ्रम फैलाने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में अजय मौर्य, हरिओम गंगवार, सुरेंद्र, ध्रुव, चेतराम, प्रदीप कुमार, बृजलाल, छोटेलाल, मनोज चौधरी, महेश वर्मा सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *