आज की ताजा खबर

डीएम आवास के करीब मगर नजरों से दूर

top-news

शाहजहांपुर।महानगर में विकास कार्यों के दावों के बीच गोविंदगंज रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र बदहाली का दंश झेल रहा है। डीएम आवास के बिल्कुल निकट स्थित यह इलाका आज गंदगी, जलभराव और उपेक्षा का प्रतीक बनता जा रहा है। कभी शहर के प्रमुख और व्यस्त क्षेत्रों में गिने जाने वाले गोविंदगंज रेलवे क्रॉसिंग बाजार की रौनक अब धीरे-धीरे समाप्त होती नजर आ रही है।क्षेत्र में कई विद्यालय, बाजार और आवासीय कॉलोनियां होने के बावजूद सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। बारिश होने पर सड़कों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नालों की नियमित सफाई न होने से उनमें गाद जमा हो चुकी है, जिसके कारण दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।गोविंदगंज रेलवे क्रॉसिंग वर्षों तक हादसों के कारण चर्चा में रही। बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने क्रॉसिंग को स्थायी रूप से बंद कर वहां दीवार खड़ी कर दी। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर दीवार फांदकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 1989 में ओवरब्रिज बनने के बाद रेलवे क्रॉसिंग बंद कर दी गई थी। इसके बाद क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही लगातार कम होती गई। पहले जहां रोडवेज बसों के यात्री, फैक्ट्रियों में कार्यरत कर्मचारी तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं इस मार्ग से गुजरते थे, वहीं अब बाजार में ग्राहकों की संख्या काफी घट गई है। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि जो बाजार कभी ग्राहकों से गुलजार रहता था, वहां अब दिनभर ग्राहक का इंतजार करना पड़ता है।डीएम कंपाउंड की स्थिति भी जर्जर होती जा रही है और यहां के कई आवास खाली हो चुके हैं। क्षेत्र के समीप अधिकारी कॉलोनी तथा प्रदेश के वित्त मंत्री का आवास होने के बावजूद स्थानीय लोग स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर निगम को सफाई, जलनिकासी और बाजार के पुनर्विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जिला अधिकारी आवास के नजदीक होने के बावजूद क्या गोविंदगंज रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र की समस्याओं पर कभी गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा या फिर यह इलाका इसी तरह उपेक्षा का शिकार बना रहेगा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *