आज की ताजा खबर

अवैध खनन की रफ्तार बनी काल, ट्रैक्टर-ट्रॉली से तीन की मौत

top-news

बाराबंकी। जिले में तेज रफ्तार और अवैध खनन में लगे वाहनों का कहर जारी है। सडक़ सुरक्षा समिति की बैठकों में निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका असर नहीं दिख रहा। मंगलवार देर रात देवा थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटना ने यातायात व्यवस्था और अवैध खनन पर कार्रवाई के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 अवैध खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली तीन जानें 
देवा थाना क्षेत्र के चिनहट मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर के पास देर रात मिट्टी ढो रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मलिकासांड निवासी बृजेंद्र कुमार, उनकी मां सुधा देवी और छह वर्षीय नैना गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस घायलों को सीएचसी देवा ले गई, जहां चिकित्सकों ने 25 वर्षीय बृजेंद्र कुमार और 50 वर्षीय सुधा देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नैना को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत फरार हो गया।
खनन विभाग के दावों पर उठे सवाल 
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय मिट्टी ढोने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगातार संचालित होती हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। जिला खनन अधिकारी लगातार जिले में अवैध खनन न होने का दावा करते रहे हैं। ऐसे में अवैध खनन में लगे बताए जा रहे वाहन से हुई यह दुर्घटना उनके दावों पर सवाल खड़े करती है। यदि अवैध खनन बंद है तो देर रात मिट्टी ढो रहे वाहन सडक़ों पर कैसे दौड़ रहे हैं, यह जांच का विषय है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा 
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक रोहित शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। घटना ने प्रशासन, परिवहन विभाग और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *