आज की ताजा खबर

शिमला में कृष्णम डांस ग्रुप का जलवा, कानपुर के विपिन निगम और टीम ने जीते कई राष्ट्रीय पुरस्कार

top-news

कानपुर। कानपुर के प्रसिद्ध कोरियोग्राफर, निर्देशक और कृष्णम डांस ग्रुप के डायरेक्टर विपिन निगम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। 6 से 10 जून तक शिमला में आयोजित ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन के प्रतिष्ठित ऑल इंडिया डांस कॉम्पटीशन के 71वें संस्करण में कृष्णम ग्रुप ने क्लासिकल वर्ग की विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार अपने नाम किए।

1955 से आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 20 से अधिक राज्यों के करीब 500 डांसर्स ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच विपिन निगम और उनकी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

पुरस्कार समारोह में टीवी शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ के अभिनेता और संस्था के अध्यक्ष रोहिताश गौड़, उपाध्यक्ष  रेखा गौड़ तथा शिमला के गवर्नर  कवीन्द्र गुप्ता  ने विजेताओं को सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में:-

विपिन निगम ने कथक में पुरस्कार जीता।

शालिनी महिवाल ने भरतनाट्यम में जीत दर्ज की।

तनिष्का गुप्ता  ने सेमी क्लासिकल श्रेणी में पुरस्कार हासिल किया।

विपिन निगम अब तक 500 से अधिक मंच प्रस्तुतियां दे चुके हैं और महान कथक गुरु  पंडित बिरजू महाराज  के साथ मंच साझा कर चुके हैं। उन्हें मशहूर कोरियोग्राफर  सरोज खान  से भी सम्मान प्राप्त हो चुका है।

नृत्य के अलावा विपिन निगम सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। “विपिन एक सेवा अनेक” के संकल्प के साथ वे पिछले 25 वर्षों से नृत्य के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं और पिछले 9 वर्षों से कृष्णम डांस ग्रुप के माध्यम से लड़कियों को शास्त्रीय और लोक नृत्य की नि:शुल्क शिक्षा दे रहे हैं।

कानपुर के 80 प्रतिशत से अधिक स्कूलों में नृत्य शिक्षा दे चुके विपिन निगम वर्तमान में जयपुरिया स्कूल में डांस विभाग के अध्यक्ष भी हैं। उनका उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

उन्हें अटल रत्न, यूपी रत्न, कानपुर गौरव, अयोध्या गौरव, महागुरु नटराजन और नृत्य शिरोमणि सहित सैकड़ों सम्मान मिल चुके हैं। कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनका योगदान उन्हें सचमुच “कानपुर की शान” बनाता है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *