आज की ताजा खबर

सीएमआरएस टीम ने परखी कानपुर मेट्रो की तैयारियां

top-news

कानपुर: कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 के शेष सेक्शन कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) की चार सदस्यीय टीम ने नए सेक्शन का प्रारंभिक निरीक्षण शुरू कर दिया है।

तीन दिवसीय निरीक्षण के दौरान सीएमआरएस टीम मेट्रो ट्रैक, स्टेशनों, टनल, रिसीविंग सब-स्टेशन और यात्री सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच कर रही है। इसके साथ ही सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, ट्रैक और सिविल कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की थी। निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने और सीएमआरएस की मंजूरी मिलने के बाद इस सेक्शन पर यात्री सेवाएं शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।

वर्तमान में कानपुर मेट्रो आईआईटी कानपुर से कानपुर सेंट्रल तक 14 स्टेशनों के बीच संचालित हो रही है। नए सेक्शन के शुरू होने के बाद झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता समेत सात नए स्टेशन मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।

मेट्रो विस्तार से दक्षिणी कानपुर के लाखों यात्रियों को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन, बड़ा चौराहा, परेड, कलेक्ट्रेट, कचहरी, हैलट अस्पताल और विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख स्थानों तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही शहर में सड़क यातायात का दबाव कम होने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *