आज की ताजा खबर

ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट से दहला कुशीनगर, एक ही परिवार के चार लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर चार दिन से धुआं छोड़ रहा था ट्रांसफॉर्मर, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

top-news

कुशीनगर। पड़रौना ब्लॉक के कोहड़ा गांव में रविवार को घर के सामने लगा 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर घर से करीब 10 मीटर की दूरी पर लगा था। अचानक हुए विस्फोट के बाद आग की लपटें सीधे घर तक पहुंच गईं। हादसे में महेश्वर सिंह, उनकी पत्नी अंगिरा देवी और पांच वर्षीय पुत्र दिव्यांशु गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि सात वर्षीय शौरभ सिंह के बाल झुलस गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और घायलों को तत्काल कुशीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सूचना मिलने पर एडीएम वैभव मिश्रा, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सीएमओ और एसडीएम सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर पिछले चार दिनों से धुआं छोड़ रहा था। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसडीओ को भेजा गया है और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और ट्रांसफॉर्मरों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे 

कुशीनगर में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट | एक ही परिवार के 4 लोग झुलसे | ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *