आज की ताजा खबर

कटियारा पथराव मामले में चार जेल, 15 नामजद समेत 50 अज्ञात पर मुकदमा हाईवे जाम और हिंसा के बाद पुलिस का एक्शन तेज, गांव में पीएसी तैनात, लगातार फ्लैग मार्च जारी

top-news

रामनगर (बाराबंकी)। कटियारा गांव में युवक जितेंद्र की संदिग्ध मौत के बाद हुए बवाल और पुलिस पर पथराव के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उप निरीक्षक ललित कुमार की तहरीर पर 15 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, पथराव और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
हाईवे जाम के बाद भड़की हिंसा
मंगलवार को 21 वर्षीय जितेंद्र का पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-बहरेाइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के समझाने के बावजूद भीड़ उग्र हो गई और ईंट-पत्थर बरसाने लगी। पथराव में कोतवाल समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई सरकारी और निजी वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जिससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई।


चार गिरफ्तार, गांव में सुरक्षा कड़ी
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हालात नियंत्रित कर शव का अंतिम संस्कार कराया और करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल कराया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने घटनास्थल और सीएचसी पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना। पुलिस ने भूपेंद्र, चंदन, शिवकुमार उर्फ शिवा और शैलेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गांव में पीएसी तैनात कर लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *