आज की ताजा खबर

नाराहट में युवक की गुंडागर्दी से व्यापारी दहशत में व्यापार मंडल ने एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध शराब कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के आरोप

top-news

ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र में एक युवक की कथित गुंडागर्दी और आपराधिक गतिविधियों से परेशान व्यापारियों एवं ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का आरोप है कि आरोपी के आतंक के कारण क्षेत्र के व्यापारी और आम नागरिक भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं तथा यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। व्यापार मंडल की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम नाराहट निवासी राहुल यादव पुत्र भानसिंह यादव लगातार क्षेत्र में अराजक गतिविधियों में लिप्त है।


आरोप है कि 21 जून 2026 को उसने स्थानीय व्यापारी सृजन सतभैया की दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना नाराहट में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम बाजार में घूमकर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे व्यापारी वर्ग में भय व्याप्त है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ दिन पहले आरोपी ने एक अन्य युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल का उपचार मेडिकल कॉलेज ललितपुर में चल रहा है। इस मामले में भी आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। व्यापार मंडल ने अपने पत्र में आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी उल्लेखित किया है। आरोप है कि कुछ वर्ष पूर्व उसने नाराहट बाजार में कई दुकानों में तोडफ़ोड़ कर व्यापारियों को नुकसान पहुंचाया था, जिसके संबंध में भी मुकदमा दर्ज हुआ था।

इसके अलावा आरोपी पर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त होने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी को कुछ स्थानीय पुलिसकर्मियों का संरक्षण प्राप्त होने के कारण उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। व्यापार मंडल ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा क्षेत्र में व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांतीय चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, जिला महामंत्री अनिल जैन, उपेन्द्र जैन, युवा संगठन महामंत्री अविरल जैन, आईटी सेल अध्यक्ष अंकित सतभैया, पीडि़त सृजन सतभैया, पुष्पेन्द्र यादव सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी एवं स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *