आज की ताजा खबर

भाकियू (टिकैत) ने किसानों की चार प्रमुख समस्याओं को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन भूमि धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई, जर्जर राजस्व नक्शे बदलने ऑनलाइन रिकॉर्ड सुधार और फसल बीमा की ब्याज सहित राशि दिलाने की उठाई मांग

top-news

ललितपुर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने गुरुवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। मंडल उपाध्यक्ष (झांसी) कीरत बाबा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे पदाधिकारियों और किसानों ने भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों की खामियां, ऑनलाइन रिकॉर्ड की त्रुटियां तथा फसल बीमा भुगतान में अनियमितताओं जैसे मुद्दों को उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पटौरा कलां निवासी शिवलाल पुत्र लल्लू की 4.68 हेक्टेयर पट्टे की भूमि की कथित रूप से फर्जी व्यक्ति खड़ा कर रजिस्ट्री करा ली गई।


आरोप है कि ग्राम मुनावली (थाना जाखलौन) निवासी एक व्यक्ति द्वारा इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया गया। यह मामला पिछले चार-पांच वर्षों से न्यायालय में लंबित है। संगठन ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए मामले का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की। भाकियू ने तहसील तालबेहट के ग्रामीण क्षेत्र तथा तालबेहट नगर के मुख्य राजस्व नक्शों की जर्जर स्थिति का भी मुद्दा उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि नक्शे पूरी तरह फट चुके हैं, जिससे सीमांकन, नामांतरण और अन्य राजस्व कार्यों में किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने पुराने नक्शों के स्थान पर नए राजस्व नक्शे तैयार कराने की मांग की। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि तहसील तालबेहट तथा सदर तहसील के कई गांवों में किसानों के नाम और हिस्सेदारी का ऑनलाइन रिकॉर्ड गलत दर्ज हो गया है। इन त्रुटियों को सुधारने के लिए किसानों को मुकदमेबाजी का सामना करना पड़ रहा है। भाकियू ने मांग की कि विशेष शिविर लगाकर मौके पर ही रिकॉर्ड का सत्यापन कर त्रुटियों का निस्तारण कराया जाए।

फसल बीमा के मुद्दे पर संगठन ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025-26 में अनेक किसानों को समय पर बीमा का लाभ नहीं मिला। साथ ही लगभग 3500 किसानों का बीमा प्रीमियम बैंकों द्वारा काटे जाने के बावजूद बीमा कंपनी को जमा नहीं कराया गया। संगठन ने दोषी बैंक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए किसानों को ब्याज सहित फसल बीमा राशि का भुगतान कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान मंडल उपाध्यक्ष कीरत बाबा, मलखान सिंह, रामदास, भगवान सिंह, आनंदू, छक्कीलाल, रशीद कुरैशी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
फोटो-पी6

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *