आज की ताजा खबर

गोरखपुर जोन में कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान बुजुर्ग, दिव्यांग, बच्चों व आमजन की सुरक्षा-सेवा पर केंद्रित रहेगा चरणबद्ध कार्यक्रम

top-news

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 
गोरखपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के निर्देशन में जोन के सभी थानों पर संचालित कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान चरणबद्ध तरीके से विभिन्न सामाजिक वर्गों—बुजुर्गों, दिव्यांगों, बच्चों और आम नागरिकों—की समस्याओं के समाधान एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जाएगा।
पुलिस द्वारा पहले से ही 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों से संपर्क स्थापित कर उनकी सूची तैयार करने, उनका कुशलक्षेम जानने तथा उन्हें सीपीयू टीम के संपर्क नंबर उपलब्ध कराने जैसी पहल से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब नए विशेष अभियान की रूपरेखा तय की गई है।

पहले चरण में 12 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक थाना क्षेत्रों में दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान कर उनकी समस्याओं की जानकारी जुटाई जाएगी। आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों से समन्वय कर उन्हें सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और सभी विवरण दिव्यांग रजिस्टर में दर्ज किए जाएंगे।
दूसरे चरण में 9 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों और मंदिरों पर लावारिस, बेसहारा बच्चों एवं भिखारियों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाएगी। उनके पुनर्वास, घर वापसी और अन्य सहायता के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा तथा इसकी प्रविष्टि संबंधित रजिस्टर में की जाएगी।
तीसरे चरण में 3 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय उनके आसपास पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा बनी रहे और यातायात बाधित न हो। इस दौरान अवैध वस्तुओं की बिक्री पर भी रोक लगाई जाएगी। साथ ही बच्चों को सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
चौथे चरण में 4 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक बच्चों को नशा मुक्ति और साइबर अपराध से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। पांचवें चरण में 1 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और कॉलेजों में श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अंतिम चरण में 29 नवंबर से 26 दिसंबर 2026 तक पुलिस टीम गांवों का भ्रमण कर आम नागरिकों को संपत्ति संबंधी अपराधों से बचाव के उपाय बताएगी और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी।
इस पूरे अभियान की साप्ताहिक और मासिक समीक्षा रेंज और जोन स्तर पर की जाएगी। साथ ही, प्रत्येक जनपद की सोशल मीडिया सेल द्वारा सीपीयू टीम की गतिविधियों से संबंधित फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया व प्रिंट मीडिया के माध्यम से नियमित रूप से प्रचारित किया जाएगा, ताकि आमजन तक इसकी जानकारी पहुंचे और पुलिस-जन सहयोग को और मजबूती मिले।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *