आज की ताजा खबर

500 बोरी यूरिया पहुंचते ही सहकारी संघ पर उमड़े किसान फार्मर आईडी और आधार सत्यापन के बाद 266 रुपये प्रति बोरी मिल रही खाद एडीओ कृषि ने किया निरीक्षण, दोपहर तक 100 बोरी का वितरण

top-news

बाराबंकी। खरीफ सीजन में किसानों की जरूरतों को देखते हुए रामनगर तहसील क्षेत्र के बुढ़वल सहकारी संघ पर शनिवार से यूरिया खाद का वितरण शुरू कर दिया गया। गोदाम में 500 बोरी यूरिया उपलब्ध कराई गई है, जिसे शासन के निर्देशानुसार निर्धारित सरकारी दर पर किसानों को दिया जा रहा है।

सुबह से लगी किसानों की कतार
खाद वितरण की सूचना मिलते ही सुबह से बड़ी संख्या में किसान सहकारी संघ पहुंच गए। किसानों ने फार्मर आईडी, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी बारी का इंतजार किया। समय पर खाद मिलने से किसानों ने राहत जताई।

 पॉस मशीन से हो रहा सत्यापन 
वितरण पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए पॉस मशीन के माध्यम से फिंगरप्रिंट सत्यापन किया जा रहा है। किसानों को 266 रुपये प्रति बोरी की सरकारी दर से यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

 सभी पात्र किसानों को मिलेगा खाद 
कृषि एडीओ खुशबू राय ने वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोपहर करीब दो बजे तक लगभग 100 बोरी यूरिया वितरित की जा चुकी थी। अधिकारियों ने बताया कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी पात्र किसानों को चरणबद्ध तरीके से खाद उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किसानों से आवश्यक अभिलेख साथ लाने की अपील भी की गई है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *