आज की ताजा खबर

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 296 जोड़े बंधे वैवाहिक बंधन में

top-news

पीलीभीत। नवीन मंडी समिति परिसर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विधानसभा बीसलपुर क्षेत्र के सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल पंजीकृत 330 जोड़ों के सापेक्ष 296 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 51 अल्पसंख्यक समुदाय के जोड़े भी शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राज्यमंत्री रामसरन वर्मा और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने नवविवाहितों को संबोधित करते हुए कहा कि जो युवक-युवतियां अपना रोजगार शुरू करना चाहते हैं, वे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी नवविवाहितों से सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की भी अपील की, ताकि जनपद में स्थापित हो रही नई फैक्ट्रियों में रोजगार के अवसर आसानी से मिल सकें।
कार्यक्रम में सभी नवविवाहित जोड़ों को एक-एक पौधा भी दिया गया। अधिकारियों ने उनसे अपनी मां के नाम पर पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्रमोहन विश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजी जाएगी। वहीं 21 हजार रुपये की घरेलू सामग्री, जिसमें गद्दे, तकिए, कंबल, कूकर, पंखा, वाटर कूलर, ट्रॉली बैग, डिनर सेट और कढ़ाई शामिल हैं, नवविवाहित जोड़ों को प्रदान की गई। इसके अलावा विवाह आयोजन, भोजन, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं के लिए 15 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *