आज की ताजा खबर

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क, तैयारियों की समीक्षा

top-news

पीलीभीत। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। गांधी सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों के साथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अफवाह फैलाने वाले और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को समाज के संभ्रांत लोगों के संपर्क में रहने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। विद्युत विभाग को ढीले बिजली तारों को ठीक कराने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त कराने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्गों पर एंबुलेंस तैनात करने तथा अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंडी परिसर में कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं कराने और खाद्य सामग्री की जांच के लिए टीम लगाने को भी कहा गया।
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों पर मीट की दुकानें बंद रखने और यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों को लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस और प्रशासनिक विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *