आज की ताजा खबर

घर में घुसे मगरमच्छ को वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद पकड़ा, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

top-news

पाली, हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र के ख्वाजगीपुर गांव में मगरमच्छ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। बीते रविवार को गांव के तालाब किनारे मगरमच्छ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ की तलाश शुरू कर दी थी। तालाब में अत्यधिक जलकुंभी होने से मगरमच्छ नहीं पकड़ा जा सका। बनकर्मी प्रधान की मदद से जलकुंभी हटवाने की तैयारी में थे। 

तभी सोमवार देर रात मगरमच्छ एक बार फिर दिखाई दिया, इस बार वह तालाब से निकलकर गांव निवासी बेचेलाल के घर में बने बरामदे में घुस गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटे की मशक्कत के बाद जाल की सहायता से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।


मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई शाहाबाद वन रेंज के रेंजर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव के निर्देशन में वन दरोगा अवनीश, बीट इंचार्ज शशिकांत वाजपेई तथा विजय कुमार द्विवेदी ने की। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

रेंजर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर आबादी से दूर बड़ी नदी में छोड़ा जाएगा, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या खतरे की आशंका न रहे। 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *