आज की ताजा खबर

मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा अवैध अस्पताल सील

top-news

विजयीपुर, फतेहपुर । हसवा विकासखंड के नरैनी कस्बे में मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित किए जा रहे एक कथित अवैध अस्पताल का स्वास्थ्य विभाग ने भंडाफोड़ कर उसे सील कर दिया। कार्रवाई 17 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत के बाद की गई। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक एक मरीज का इलाज करते हुए मिला।

जानकारी के अनुसार, ब्योटी गांव निवासी रोशनी (17) पिछले तीन दिनों से नरैनी स्थित राठौर मेडिकल स्टोर में उपचार करा रही थी। मंगलवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुपम सिंह के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान मेडिकल स्टोर के अंदर एक मरीज का उपचार चलता मिला। निरीक्षण में परिसर से आठ बेड, ग्लूकोज की बोतलें, सिरेंज तथा अन्य उपचार सामग्री बरामद हुई। प्रथम दृष्टया मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध अस्पताल संचालित होने की पुष्टि होने पर टीम ने तत्काल अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक भूपेंद्र सिंह राठौर को भी मौके पर पकड़ लिया गया। डॉ. अनुपम सिंह ने बताया कि मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कराने की संस्तुति की जाएगी। साथ ही संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई कराई जाएगी। छापेमारी में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार मौर्य, एआरओ वीर बहादुर सिंह पटेल तथा स्थानीय पुलिस के एसआई जितेंद्र दुबे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *