आज की ताजा खबर

करोड़ों की लागत से बना पूरनपुर बस स्टैंड शोपीस, नियमित बसों के ठहराव के लिए मुख्यमंत्री को पत्र

top-news

पूरनपुर -पीलीभीत। पूरनपुर नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर करोड़ों की लागत से बनकर तैयार हुआ रोडवेज बस स्टैंड आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। करीब 536.60 लाख रुपये के भारी-भरकम बजट से वर्ष 2021 में निर्मित इस बस स्टैंड पर आज तक रोडवेज बसों का नियमित संचालन और ठहराव शुरू नहीं हो सका है।
इस गंभीर समस्या को लेकर ओबीसी महासभा के प्रदेश सचिव व पूर्व सांसद प्रतिनिधि संतराम विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजकर जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि पीलीभीत, बरेली, लखनऊ और दिल्ली समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों की अधिकांश बसें बस स्टैंड के भीतर जाने के बजाय सीधे हाईवे से होकर गुजर जाती हैं।
इस लापरवाही के कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और छात्र-छात्राओं को हाईवे पर खड़े होकर जान जोखिम में डालते हुए बसें पकड़नी पड़ती हैं, जिससे हमेशा किसी अनहोनी का खतरा बना रहता है। इसके अतिरिक्त, बस स्टैंड पर वर्तमान में महज एक कर्मचारी तैनात होने के कारण अवकाश के दिनों में पूरा परिसर बंद रहता है। इसके चलते सरकार द्वारा यात्रियों के लिए बनाई गईं शौचालय, पेयजल और प्रतीक्षालय जैसी बुनियादी सुविधाएं धूल फांक रही हैं।

इंसेट 

प्रमुख मांगें:
सभी प्रमुख मार्गों की बसों का पूरनपुर बस स्टैंड पर अनिवार्य रूप से ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
बसों के आगमन व प्रस्थान की एक निश्चित समय-सारणी जारी की जाए।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बस स्टैंड पर पर्याप्त स्टाफ व सुरक्षा व्यवस्था की तैनाती हो।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *