आज की ताजा खबर

बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर छात्राओं ने पीएम को भेजीं राखियां

top-news

फतेहपुर । अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर चलाए जा रहे ‘पीएम नरेंद्र मोदी को राखी भेजो-राज्य मांगो’ अभियान के तहत मंगलवार को खागा नगर के विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखियां और भावनात्मक पत्र भेजकर क्षेत्र के समग्र विकास की मांग उठाई। विद्यार्थियों ने अपने पत्रों में बुंदेलखंड की उपेक्षा, बेरोजगारी, जल संकट और पलायन जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी बुंदेलखंड में न तो आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं हैं और न ही महिलाओं के लिए अलग विश्वविद्यालय। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बुंदेलखंड के युवाओं को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से कब तक वंचित रखा जाएगा। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा संचालित यह अभियान 10 जुलाई से रक्षाबंधन तक चलेगा। अभियान के तहत बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों से प्रधानमंत्री को एक लाख राखियां और मांग-पत्र भेजे जा रहे हैं, जिनमें अलग बुंदेलखंड राज्य के गठन के साथ क्षेत्र के विकास की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ‘बुंदेलखंडी’ ने कहा कि बुंदेलखंड को अलग राज्य का दर्जा मिलने से क्षेत्र में आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राखी भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि बुंदेलखंड के अधिकार और सम्मान की आवाज है, जो अब जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *