आज की ताजा खबर

पारिवारिक कलह बनी रमापति तिवारी की हत्या की वजह मझली बहू, दो नातियों समेत तीन पर मुकदमा, हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

top-news

 चांदा (सुलतानपुर)। चांदा थाना क्षेत्र के बरनी तमरसेपुर गांव में शुक्रवार रात हुई रमापति तिवारी पुत्र स्व. रामाधार तिवारी की हत्या के मामले में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। मृतक की बड़ी बहू ममता तिवारी पत्नी हेमंत तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने मझली बहू शशि तिवारी, उनके दोनों पुत्र शुभम तिवारी और सुधांशु तिवारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ममता तिवारी ने बताया कि रमापति तिवारी के तीन बेटे हैं। बड़े बेटे हेमंत तिवारी गाजियाबाद में निजी नौकरी करते हैं, जबकि छोटे बेटे जसवंत तिवारी विदेश में प्राइवेट नौकरी करते हैं। हेमंत और जसवंत का परिवार रमापति तिवारी के साथ रहता था, जबकि मझले बेटे बलवंत तिवारी का परिवार अलग रहता है।

परिजनों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले बलवंत तिवारी और उनकी पत्नी शशि तिवारी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान बलवंत तिवारी के दोनों बेटों तथा पिता रमापति तिवारी ने शशि तिवारी की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे रमापति तिवारी से शशि तिवारी, शुभम तिवारी और सुधांशु तिवारी नाराज हो गए और उन्हें धमकी भी दी थी।


शुक्रवार रात रमापति तिवारी चांदा बाजार से दूध देकर साइकिल से घर लौट रहे थे। बरनी तमरसेपुर गांव के पास सुनसान स्थान पर उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल रमापति तिवारी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले में चांदा पुलिस ने मृतक की बड़ी बहू ममता तिवारी की तहरीर पर शशि तिवारी, शुभम तिवारी और सुधांशु तिवारी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, घटनास्थल से मिले साक्ष्य तथा अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक की पत्नी चंद्रावती तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *