आज की ताजा खबर

झमाझम बारिश से गिलौला में जलभराव, बढ़ी परेशानी किसानों के खिले चेहरे

top-news

इकौना/श्रावस्ती मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी, वहीं कस्बा गिलौला में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी। बारिश के बाद कस्बे के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कस्बा गिलौला स्थित ब्लॉक मुख्यालय और साधन सहकारी समिति के आसपास नालियों का पानी सड़क पर आ जाने से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियां ओवरफ्लो होने के कारण पानी घरों में भी घुस गया, जिससे घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ।वहीं कस्बे के मुख्य मार्ग पर दोनों ओर बने नालों की समय से सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर भर गया।

सड़क पर जमा पानी से गुजरते समय दोपहिया और चारपहिया वाहन ऐसे दिखाई दे रहे थे मानो समुद्र की लहरों के बीच चल रहे हों। हालांकि बारिश रुकने के कुछ समय बाद पानी धीरे-धीरे उतरने लगा, लेकिन समस्या हर बारिश में दोहराई जा रही है।सबसे अधिक दिक्कत सुविखा मोड़ से गैस एजेंसी तक के मार्ग पर देखने को मिली। यहां पहले से ही संकरी सड़क पर भारी वाहनों का आवागमन रहता है।


ऊपर से कीचड़, गंदगी, जलभराव और ई-रिक्शों का जमावड़ा राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालकों को घंटों जाम और फिसलन का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।उधर, लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। धान की रोपाई और खरीफ फसलों के लिए यह बारिश वरदान साबित हो रही है।

किसानों का कहना है कि समय पर हुई वर्षा से सिंचाई की समस्या काफी हद तक दूर होगी और फसलों की बढ़वार भी बेहतर होगी।स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए कस्बे की नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हर बारिश में लोगों को जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *