आज की ताजा खबर

दो घंटे की झमाझम बारिश ने खोली तैयारियों की पोल

top-news

सुलतानपुर। मानसून की पहली झमाझम बारिश ने जिले में विकास और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत उजागर कर दी। करीब दो घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद भदैया, धनपतगंज समेत कई क्षेत्रों में जलभराव, बिजली संकट और बदहाल सड़कों ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जगह-जगह नालियां जाम होने से सड़कें तालाब में बदल गईं, जबकि कई गांवों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहने से पेयजल और संचार व्यवस्था भी प्रभावित रही। भदैया क्षेत्र में बजेठी, रुदौली, शंभूगंज बाजार सहित कई गांवों और चौराहों पर जलभराव हो गया। बजेठी में नाली ढह गई, रुदौली-अग्रेसर मार्ग पर पानी भरने से आवागमन बाधित रहा, जबकि शंभूगंज बाजार की खुली और जाम नालियां बारिश के बाद बजबजाती रहीं। लोगों का कहना है कि हर वर्ष नालियों की सफाई और मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में व्यवस्था की पोल खुल जाती है। जल निकासी न होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। बालमपुर और दरियापुर ग्रामीण उपकेंद्रों से रविवार भोर करीब चार बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो दोपहर तीन बजे तक बहाल नहीं हो सकी। दो दर्जन से अधिक गांव अंधेरे में डूबे रहे। मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए और घरों की पानी की टंकियां खाली हो गईं। पांडेपुर निवासी हौसिला गुप्ता के घर में छत टपकने से घरेलू सामान भीग गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों और कंट्रोल रूम पर फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। हालांकि एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि लाइन की पेट्रोलिंग कराई जा रही है और जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उधर धनपतगंज क्षेत्र में मायंग-नौगवांतीर मार्ग की हालत भी पहली बारिश में बदतर हो गई। माधवपुर पुल से मायंग तक करीब तीन किलोमीटर सड़क पर डाली गई मिट्टी बारिश में दलदल बन गई। सड़क पर वाहनों के पहिए धंस रहे हैं और बाइक सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीण अमरनाथ तिवारी, दिनेश पांडे, रामबली सिंह, रणधीर सिंह और श्रीदेव पांडे ने निर्माण कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर तत्काल गिट्टी डालकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत गांवों में नालियों की सफाई और दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। यदि कहीं शिकायत मिलती है तो तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
 11 घंटे ठप रही बिजली, मोबाइल बंद और पानी का संकट 
बालमपुर और दरियापुर उपकेंद्रों से भोर चार बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। दो दर्जन से अधिक गांवों में लोग अंधेरे और पेयजल संकट से जूझते रहे। विभाग का कहना है कि फॉल्ट खोजकर आपूर्ति बहाल की जा रही है।
सड़क बनी दलदल
मायंग-नौगवांतीर मार्ग पर कीचड़ से ठप आवागमन धनपतगंज के मायंग-नौगवांतीर मार्ग पर अधूरी सड़क बारिश में दलदल बन गई। तीन किलोमीटर तक वाहन फंस रहे हैं और बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराने की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *