आज की ताजा खबर

मुख्यमंत्री आज 542.41 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

top-news

( शोभित शुक्ला )

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 20 जुलाई को बाराबंकी के रामनगर स्थित पौराणिक श्री लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जनपद को 542.41 करोड़ की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे, विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे तथा विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का प्रातः 10:55 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर आगमन होगा। आगमन के बाद वह श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे तथा निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा श्रावण मास मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।मुख्यमंत्री के कर-कमलों से रामनगर एवं दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों की कुल 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा। इनमें 56 परियोजनाओं का शिलान्यास लगभग ₹409.09 करोड़ तथा 28 परियोजनाओं का लोकार्पण लगभग 133.31 करोड़ की लागत से किया जाएगा। विधानसभा दरियाबाद में लगभग 260.12 करोड़ की लागत से 46 परियोजनाएं (34 शिलान्यास, 12 लोकार्पण) तथा विधानसभा रामनगर में लगभग ₹282.28 करोड़ की लागत से 36 परियोजनाएं (22 शिलान्यास, 14 लोकार्पण) जनसामान्य को समर्पित की जाएंगी।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं सहायता सामग्री भी वितरित करेंगे। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। कार्यक्रम के समापन पर वह जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री का अपराह्न 1:00 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान प्रस्तावित है।जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग, बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से कार्यक्रम के दौरान जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *