आज की ताजा खबर

जंघई रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कम्प

top-news

सुरक्षा एजेंसियों ने घण्टों खंगाला चप्पा-चप्पा मगर नहीं मिला कुछ संदिग्ध
जौनपुर। मीरगंज  थाना क्षेत्र के जंघई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह बम होने की सूचना से रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्टेशन परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। कई घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बावजूद कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने जीआरपी जंघई को फोन कर सूचना दी कि स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक लावारिस ट्रॉली बैग रखा है जिससे बम जैसी आवाज आ रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मीरगंज, चौकी प्रभारी जंघई, जीआरपी प्रभारी और आरपीएफ के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल पूरे स्टेशन परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।इस दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फुटओवर ब्रिज, पार्सल कार्यालय, पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार समेत स्टेशन के हर हिस्से की गहन जांच की गई। यात्रियों के सामान पर भी विशेष निगरानी रखी गई और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई। काफी देर तक चले अभियान के बावजूद कोई भी संदिग्ध ट्रॉली बैग, विस्फोटक सामग्री अथवा अन्य आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।



घटना की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने प्रयागराज से बम निरोधक दस्ते को भी अलर्ट कर मौके के लिए रवाना किया। सुरक्षा एजेंसियों ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत पूरे स्टेशन परिसर की दोबारा जांच करायी। जांच पूरी होने के बाद स्टेशन को सुरक्षित घोषित कर दिया गया और रेल यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा।
पुलिस जांच में सामने आया कि सूचना देने वाले व्यक्ति ने कॉल करने के कुछ ही मिनट बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद पुलिस सम्बन्धित मोबाइल नम्बर की कॉल डिटेल, लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान में जुट गई है। प्रथम दृष्टया मामला शरारतन दी गई फर्जी सूचना प्रतीत हो रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर बम की झूठी सूचना देना गंभीर अपराध है। ऐसी सूचना से यात्रियों में अनावश्यक दहशत फैलती है और सुरक्षा एजेंसियों के समय व संसाधनों का भी दुरुपयोग होता है। यदि जांच में सूचना फर्जी साबित होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *