आज की ताजा खबर

कानपुर डफरिन अस्पताल में जल संकट, नलकूप की मोटर खराब होने से मरीज परेशान

top-news

कानपुर के डफरिन अस्पताल में जल संकट, नलकूप की मोटर खराब होने से मरीज और तीमारदार परेशान

वार्डों के शौचालयों में जलापूर्ति ठप, कर्मचारियों के आवासों में भी पानी का संकट; सीएमएस ने जल्द बहाली का दिया भरोसा।

कानपुर | कानपुर के महिला चिकित्सालय डफरिन में सोमवार दोपहर नलकूप की मोटर खराब हो जाने से अस्पताल में जल संकट गहरा गया। पानी की आपूर्ति ठप होने से भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डों के शौचालयों में पानी न होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

जानकारी के अनुसार, डफरिन अस्पताल के जीर्णोद्धार के दौरान लाखों रुपये की लागत से नया नलकूप स्थापित किया गया था, जिससे अस्पताल और आवासीय परिसर में जलापूर्ति की जाती थी। सोमवार दोपहर अचानक नलकूप की मोटर खराब हो गई, जिसके चलते पूरे अस्पताल में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई।


जल संकट का सबसे अधिक असर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों पर पड़ा है। पीने के पानी के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जबकि वार्डों के शौचालयों में भी पानी नहीं पहुंच रहा। अस्पताल परिसर में सुबह जलकल से मिलने वाले पानी के सहारे ही काम चलाया जा रहा है।

नलकूप की मोटर खराब होने से अस्पताल परिसर में बने कर्मचारियों के आवास भी प्रभावित हुए हैं। कर्मचारियों के परिजनों को घरेलू जरूरतों के लिए बाहर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर कर्मचारियों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।

महिला चिकित्सालय डफरिन की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रूचि जैन ने बताया कि नलकूप की मोटर की मरम्मत का कार्य जारी है और देर शाम तक जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *