आज की ताजा खबर

तालाब हादसे के बाद पाकड.पुर में पसरा मातम

top-news

कादीपुर, सुलतानपुर। तहसील क्षेत्र के करौंदीकला थाना क्षेत्र के पाकड.पुर गांव में हुए दर्दनाक तालाब हादसे के बाद बुधवार को भी पूरे गांव में मातम पसरा रहा। मंगलवार शाम तालाब में डूबने से जान गंवाने वाले दो मासूम भाइयों राज (12) और रियाज (9) के शव पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को गांव पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। शवों के पहुंचते ही घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हर आंख नम थी और हर जुबान पर हादसे की चर्चा थी। खबर लिखे जाने तक अंतिम संस्कार नहीं हुआ था।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब पांच बजे पाकड.पुर गांव निवासी मोहम्मद इस्लाम के बच्चे राज, आसिया (15) और रियाज तथा पड़ोसी सुशील गुप्ता के बेटे अंश (10) और अंशू तालाब में नहाने गए थे। गर्मी के कारण बच्चे अक्सर तालाब में नहाने जाते थे, लेकिन मंगलवार को अचानक पांचों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।बच्चों की चीख सुनकर आसपास खेतों में धान की रोपाई कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और तत्काल करौंदीकला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद राज और रियाज को मृत घोषित कर दिया। वहीं आसिया, अंश और अंशू को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल होते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के बाद तीनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई गई।घटना के बाद गांव में सन्नाटा छाया हुआ है। जिस तालाब में बच्चे हंसते-खेलते नहाने गए थे, वहीं हादसे की याद से ग्रामीण सहमे हुए हैं। मृतक बच्चों के घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों का तांता लगा है। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम, थाना प्रभारी करौंदीकला सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि गहरे पानी में जाने से दो बच्चों राज और रियाज की मौत हुई है, जबकि तीन बच्चों को ग्रामीणों ने बचा लिया। उनका इलाज कराया जा रहा है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। हादसे के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा और खुले तालाबों को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *