आज की ताजा खबर

सैफई सिंडिकेट ने जमकर लूटा, अब विकास की नई पहचान बना फतेहपुर

top-news

फतेहपुर । करीब दो वर्ष बाद फतेहपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिले को 489.14 करोड़ रुपये की 126 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का उल्लेख करने के साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कभी फतेहपुर प्रदेश के सबसे पिछड़े जिलों में गिना जाता था, लेकिन आज यह तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और जल्द ही आकांक्षी जनपद की श्रेणी से बाहर निकलकर उत्तर प्रदेश के विकास का सहभागी बनेगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत वीर क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों, पत्रकार पुरोधाओं और राष्ट्रकवि सोहनलाल द्विवेदी को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि यह वीरों और बलिदानियों की धरती है, जिसकी पहचान अब विकास और नई उपलब्धियों से बन रही है।

– सैफई सिंडिकेट पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले फतेहपुर के विकास का पैसा 'सैफई सिंडिकेट' की भेंट चढ़ जाता था। योजनाओं का धन सैफई में नाच-गानों और विदेश दौरों पर खर्च किया जाता था। फतेहपुर विकास के बजाय लूट का अड्डा बन गया था। उस समय जिले में न सड़कें थीं, न पर्याप्त बिजली, न मेडिकल कॉलेज और न ही औद्योगिक निवेश का माहौल। उन्होंने कहा कि एक ओर कानपुर और दूसरी ओर प्रयागराज जैसे औद्योगिक क्षेत्र होने तथा गंगा-यमुना के बीच स्थित होने के बावजूद फतेहपुर विकास से वंचित रहा। स्वास्थ्य सुविधाएं कमजोर थीं और युवाओं के सामने पहचान का संकट था।

– चाचा-भतीजे पर कसा तंज, भर्ती घोटालों पर बोले

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में जैसे ही कोई सरकारी नौकरी निकलती थी, 'चाचा-भतीजे' की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। 2012 से 2017 के बीच हुई अधिकांश भर्तियां विवादित रहीं और उनमें मेरिट तथा योग्यता की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू हुई। आज उत्तर प्रदेश में नौ लाख से अधिक युवाओं को निष्पक्ष तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। जब वह नियुक्ति पत्र वितरित करते हैं तो उनमें फतेहपुर के युवाओं को देखकर गर्व महसूस होता है।

– नकल माफिया पर दिया सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने मंच से नकल माफिया को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की विरासत बताते हुए कहा कि जिन्होंने छात्रों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, "जिसने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, उसके लिए दो ही जगह हैं, जेल या उसकी अवैध संपत्ति जब्त होगी।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, भारी जुर्माना लगाया जाएगा और किसी भी माफिया को बचने नहीं दिया जाएगा।दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोग घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, जबकि सरकार छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।

– माफिया के लिए दो ही जगह- जेल या जहन्नुम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में हर जगह गुंडे और माफिया सरकार को चुनौती देते थे, जिससे निवेश नहीं आता था। आज उत्तर प्रदेश निवेश का बड़ा केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि एक समय प्रदेश में "देख सपाई, बिटिया घबराई" जैसा माहौल था। उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं है। अब बेटियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो भी उनकी सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही दिन स्पष्ट कर दिया था कि माफिया चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके लिए केवल दो ही स्थान हैं—जेल या जहन्नुम।

– फतेहपुर अब आकांक्षी नहीं, विकास का सहभागी बनेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सर्वे में जल्द ही फतेहपुर आकांक्षी जनपद की सूची से बाहर होगा। उन्होंने कहा कि जिला अब उत्तर प्रदेश के विकास का सहभागी बन रहा है। उन्होंने कहा कि यहां किसान एफपीओ बेहतर कार्य कर रहे हैं। जैविक खेती को बढ़ावा मिल रहा है और स्थानीय किसानों के उत्पाद अब बाजार तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह के खेतों के जैविक उत्पादों का भी उल्लेख किया और कहा कि पहले ऐसी व्यवस्था नहीं थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज और उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है और प्राकृतिक आपदा की स्थिति में पांच लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहपुर में नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि बेटियां नर्सिंग की पढ़ाई करेंगी तो रोजगार के बेहतर अवसर उन्हें निश्चित रूप से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर विकासखंड में हेलीपैड विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है, जिससे आपदा और आपातकालीन सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

– विधायकों की सीएम ने की तारीफ़ 

मुख्यमंत्री ने फतेहपुर के जनप्रतिनिधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले के विधायक लगातार विकास कार्यों के लिए पैरवी करते रहते हैं। उन्होंने जहानाबाद अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता और विधायक राजेंद्र पटेल का नाम लेकर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि फतेहपुर से विक्रम सिंह को भी जनता ने विधानसभा भेजा होता तो जिले का विकास और अधिक गति से होता।

– कब्जे, वसूली और ठेकेदारी का दौर खत्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जमीनों पर कब्जा, प्लॉटों पर अवैध कब्जे और ठेकों में वसूली आम बात थी, लेकिन अब यह सब बंद हो चुका है। प्रदेश में कानून का राज है और विकास का माहौल बना है। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा, निवेश, रोजगार सृजन और आधारभूत संरचना के विकास को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।

– विकास की नई तस्वीर पेश करने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल है और फतेहपुर भी उसी विकास यात्रा का मजबूत हिस्सा बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिला शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने जनता से विकास की इस यात्रा में सरकार का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

– मुख्यमंत्री ने संगठन को दिया महत्व, क्षेत्रीय अध्यक्ष को ले गए जालौन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फतेहपुर दौरे के दौरान संगठन को प्राथमिकता देने का संदेश भी देखने को मिला। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र में 489.14 करोड़ रुपये की 125 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम जालौन में था। समय की व्यस्तता को देखते हुए उन्होंने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू को अपने हेलीकॉप्टर से ही जालौन साथ ले गए। इसे संगठन के प्रति मुख्यमंत्री की गंभीरता और महत्व देने के रूप में देखा जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों से भी मुलाकात की। उनके आत्मीय व्यवहार से पार्टी पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल रहा और संगठन के कार्यकर्ताओं में इसे लेकर दिनभर चर्चा होती रही। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल, कृष्णा पासवान, राजेंद्र पटेल, विकास गुप्ता, जय कुमार सिंह, पूर्व विधायक रणवेंन्द्र प्रताप सिंह, विक्रम सिंह, अयोध्या प्रसाद पाल, आदित्य पांडेय, राम किशोर साहू क्षेत्रीय अध्यक्ष, अन्नू श्रीवास्तव जिलाध्यक्ष, रंजना उपाध्याय जिला प्रभारी, पूर्व जिलाध्यक्ष महेन्द्र नाथ बाजपेई, मनोज शुक्ला, रमाकांत त्रिपाठी, प्रभुदत्त दीक्षित, आशीष मिश्रा, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, मुखलाल पाल सहित समस्त जिला पदाधिकारी, समस्त मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *