आज की ताजा खबर

सीतापुर में सड़क हादसे में जिम से लौट रहे युवक की मौत, परिजनों ने लगाया जाम

top-news

पीछे से बाइक की टक्कर के बाद खाद लदा वाहन चढ़ने का आरोप, पुलिस ने चार लोगों पर दर्ज किया मुकदमा

अनुराग मिश्रा

रामपुर मथुरा, सीतापुर। जिम से बाइक से घर लौट रहे 35 वर्षीय युवक की शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने रामपुर मथुरा पेट्रोल पंप के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामपुर मथुरा निवासी रंजीत सिंह शुक्रवार सुबह सदरपुर स्थित जिम सेंटर से बाइक से घर लौट रहे थे। बताया गया कि सुबह करीब 6:30 बजे रामपुर मथुरा-गोडेचा मार्ग पर गौरा के पास तीन लोग एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। आरोप है कि उनकी बाइक ने रंजीत की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।


इसी दौरान पीछे से खाद लादकर आ रहा वाहन संख्या यूपी 34 एटी 2084 रंजीत के ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।

पुलिस पर अभद्रता का आरोप, सड़क पर उतरे परिजन

मृतक के परिजन हरिचरन सिंह ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बाद बांसुरा पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। इससे नाराज परिजनों ने रामपुर मथुरा पेट्रोल पंप के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य कराया गया।

परिजनों के अनुसार, वर्ष 2011 में रंजीत सिंह की शादी गडरियन पुरवा निवासी जसवंत सिंह की बेटी रमनजीत कौर से हुई थी। उनका एक बेटा अर्शदीप है, जो वर्तमान में अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा है। परिजनों ने बताया कि रंजीत और रमनजीत कौर के बीच तलाक का मुकदमा भी चल रहा था।

क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *