आज की ताजा खबर

पुवायां विधानसभा सीट से अर्चना कटारिया ने पेश की दावेदारी

top-news

कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष ने पार्टी जिलाध्यक्ष को सौंपा आवेदन, 116 से अधिक गांवों का दौरा करने का दावा

आरिफ सिद्दीकी,अर्शयान अर्श

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों में संभावित प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश करना शुरू कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस की महिला जिला अध्यक्ष अर्चना कटारिया ने पुवायां विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रजनीश गुप्ता को अपना आवेदन पत्र सौंपा।

 संगठन को मजबूत करने का दावा

 अर्चना कटारिया का कहना है कि महिला जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद से उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार क्षेत्र में काम किया है। उनके अनुसार बड़ी संख्या में नए कार्यकर्ताओं को कांग्रेस से जोड़ा गया है। चुनावी तैयारियों के तहत उन्होंने पुवायां विधानसभा क्षेत्र के 116 से अधिक गांवों का दौरा कर लोगों से सीधे संवाद किया है।

 उन्होंने बताया कि गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जाना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बूथ कमेटियों के गठन का काम भी चल रहा है। उनके अनुसार अब तक करीब 25 प्रतिशत से अधिक बूथ कमेटियों का गठन किया जा चुका है।


 सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का दावा

 अर्चना कटारिया ने कहा कि पुवायां विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सफलता के लिए सभी वर्गों का समर्थन जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में उन्हें विभिन्न समाजों के लोगों का समर्थन और स्नेह मिल रहा है। उनका कहना है कि वह महिलाओं, दलितों, युवाओं और अन्य वर्गों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रही हैं।

 राजनीतिक पृष्ठभूमि का भी उल्लेख

 अर्चना कटारिया के परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी रही है। उनके जेठ स्वर्गीय अधिवक्ता दौलत राम ने पुवायां विधानसभा क्षेत्र में करीब एक दशक तक सक्रिय रहकर सेवा कार्य किया था। वर्ष 2009 में उन्होंने लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। अर्चना कटारिया का कहना है कि परिवार की इसी राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से उन्हें क्षेत्र में लोगों के बीच काम करने की प्रेरणा मिली है।

 बदलाव को लेकर जनता के बीच जाने का दावा

 अर्चना कटारिया ने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान, युवाओं के रोजगार तथा स्थानीय समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व यदि उन्हें पुवायां विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाने का अवसर देता है तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगी और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को लेकर जाएंगी।

 उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और जनसमस्याओं को मजबूती से उठाना होगा। अब पार्टी नेतृत्व द्वारा पुवायां विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी चयन में अंतिम निर्णय लिया जाना है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *