आज की ताजा खबर

कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा परखने उतरे डीएम और एसपी, बोले- जिले में प्रवेश करने वाले हर जत्थे का रखें रिकॉर्ड

top-news

शाही चौकी से तहसील चौराहे तक लिया व्यवस्थाओं का जायजा; सफाई, प्रकाश व बैरिकेडिंग दुरुस्त रखने के निर्देश

शोएब खान

पीलीभीत। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों उच्चाधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत शाही पुलिस चौकी से हुई, जहां अधिकारियों ने तैनात पुलिस बल, सुरक्षा प्रबंधों और ड्यूटी चार्ट का गहन अवलोकन किया। एसपी सुर्कीति माधव मिश्रा ने संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनपद की सीमा में प्रवेश करने वाले प्रत्येक कांवड़िया जत्थे की पूरी जानकारी और विवरण दर्ज करने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जाए। उन्होंने सूचना तंत्र को पूरी तरह सक्रिय और मजबूत रखने की हिदायत दी, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


इसके बाद डीएम और एसपी ने लाल रोड होते हुए तहसील चौराहे तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नगर पालिका व संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइटों की सुचारू व्यवस्था और मजबूत बैरिकेडिंग समय रहते सुनिश्चित कर ली जाए।

डीएम ने सभी अफसरों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए यात्रा को अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) नताशा गोयल सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *