आज की ताजा खबर

राजा भैया पहुंचे महुली: मकान गिरने से 6 लोगों की मौत के हादसे पर जताया गहरा दुख, पीड़ित अमन श्रीवास्तव को दिया मदद का भरोसा

top-news

अकल्पनीय और अत्यंत दुखद है यह हादसा, पूरा प्रतापगढ़ इस गम में शामिल: रघुराज प्रताप सिंह।

प्रतापगढ़। कुंडा विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ 'राजा भैया' नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में हुए भीषण हादसे के पीड़ित परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। बीते दिन मकान ढहने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की हुई दर्दनाक मौत की खबर पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राजा भैया ने पीड़ित अमन श्रीवास्तव और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

महुली स्थित दुर्घटनास्थल पर राजा भैया के पहुंचते ही क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए और घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए राजा भैया ने कहा— "कुछ घटनाएं बहुत दुखद होती हैं, कुछ अकल्पनीय होती हैं।


यह ईश्वर की कृपा ही है कि इस भयानक हादसे में अमन श्रीवास्तव बच गए। इस दर्दनाक हादसे से आज पूरा प्रतापगढ़ दुखी है। ईश्वर ऐसा दुख किसी के साथ भी न करे।" इस मौके पर केएन ओझा, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, हरिओम श्रीवास्तव, बबलू सिंह, रोशन लाल उमरवैश्य, प्रधान दीपक जायसवाल, सभासद गोकुल नाथ श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में बीते दिन अचानक एक मकान गिर जाने से मलबे में दबकर एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को 26 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है। फिलहाल क्षेत्र में मातम का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *