आज की ताजा खबर

महिलाओं ने संभाली ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान... 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाएं तिरंगा निर्माण के कार्य में जुटीं

top-news

 अब तक बनकर तैयार हो चुके हैं 1.5 लाख से ज्यादा तिरंगा झंडे

 स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में महिला समूहों की दिख रही सशक्त भागीदारी

 विजय वर्मा

कानपुर। शहर और ग्रामीण इलाकों में हर घर तिरंगा अभियान की कमान महिलाओं ने संभाल ली है। प्रदेश सरकार स्वतंत्रता दिवस के पर्व में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सक्रिय भागीदार बनाने पर जोर दे रही है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में महिलाओं को बड़े पैमाने पर तिरंगा निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे जहां एक तरफ सरकारी विभागों और स्थानीय आयोजनों के लिए तिरंगों की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का एक बड़ा जरिया भी बन गया है।


नगर में इस कार्य को गति देने के लिए 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाओं को जोड़ा गया है। इन सभी समूहों की मेहनत से अब तक जिले में 1.5 लाख से अधिक तिरंगे बनकर तैयार हो चुके हैं। जिले के अलग-अलग हिस्सों में यह कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें कल्याणपुर ब्लॉक के सिंहपुर क्षेत्र में संचालित प्रेरणा स्वयं सहायता समूह और प्रगति स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी पूरी निष्ठा के साथ तिरंगे बनाने के काम में जुटी हुई हैं।

प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों ने उत्साह व्यक्त करते हुए बताया, देश के सम्मान के प्रतीक तिरंगे को अपने हाथों से तैयार करना हमारे लिए बहुत बड़े गर्व की बात है। इस काम से हमें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने का अवसर मिला है।

इस आमदनी से हम अपने बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च में सहयोग कर पा रहे हैं। परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को राष्ट्रीय ध्वज के तय आकार और मानकों के अनुसार तिरंगा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही उन्हें जरूरी कच्चा माल भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ये झंडे जिले के तमाम सरकारी विभागों और प्रशासनिक कार्यालयों में भेजे जाएंगे। 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *