आज की ताजा खबर

कानपुर में दंपति पर धारदार हथियार से हमला, पति की मौत; पत्नी गंभीर, बदमाश बाइक लेकर फरार

top-news

साढ़ के देवसड़ गांव में देर रात वारदात, सीसीटीवी कैमरे तोड़कर भागे आरोपी; जांच में जुटी पुलिस की सात टीमें

विक्की सिंह

कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के देवसड़ गांव में शुक्रवार देर रात एक घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने पति-पत्नी पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 की रात करीब एक बजे थाना साढ़ क्षेत्र में एक घर में पति-पत्नी के साथ दो अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।


घर में खड़ी बाइक लेकर भागे बदमाश, सीसीटीवी भी तोड़े

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात के बाद आरोपी घर में खड़ी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी भी मिली है। इससे आशंका है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कैमरों को नुकसान पहुंचाया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कराई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पूर्व में सऊदी अरब में रह चुके थे और कुछ महीने पहले ही वापस लौटे थे। वह अपने परिवार से अलग खेत में बने मकान में रह रहे थे। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

आरोपियों की तलाश में सात पुलिस टीमें गठित

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सात पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें डीसीपी दक्षिण के नेतृत्व में लगातार दबिश और जांच कर रही हैं।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/lCWaYRzyWMo

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *