आज की ताजा खबर

सीतापुर में खड़े दो ट्रकों में लगी भीषण आग, टायर फटने से शुरू हुआ हादसा; कोई जनहानि नहीं

top-news

टायर फटने के बाद डीजल टंकी क्षतिग्रस्त, दूसरे ट्रक तक पहुंची आग

फायर सर्विस ने मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

पियूष शुक्ला

सीतापुर। खैराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर हाईवे किनारे खड़े दो ट्रकों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा गप्पू मार्केट के पास मिडवे ढाबे के निकट ले-बाई रोड पर हुआ। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब दो बजे नेशनल हाईवे-30 के किनारे ले-बाई रोड पर दो ट्रक खड़े थे। इसी दौरान ट्रक संख्या UP34AT1171 का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद ट्रक की डीजल टंकी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे डीजल फैलने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े दूसरे ट्रक संख्या UP34AT2607 को भी अपनी चपेट में ले लिया।


दोनों ट्रक थे खाली, बड़ा हादसा टला

आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर सर्विस को दी। कुछ ही देर में दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों ट्रकों में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

बताया गया कि दोनों ट्रक खाली थे। इसके चलते किसी व्यक्ति के आग की चपेट में आने की सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था भी सामान्य कर दी गई और मार्ग को क्लियर कराया गया।

ट्रक मालिकों को दी गई घटना की जानकारी

क्षतिग्रस्त ट्रक संख्या UP34AT1171 के स्वामी रामसेवक गुप्ता निवासी गुरु नानक नगर कॉलोनी, सीतापुर तथा दूसरे ट्रक UP34AT2607 के स्वामी अय्यूब खान निवासी भूसेला गोरिया, लहरपुर को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *