आज की ताजा खबर

मिहौली पुल पर चेन लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, बिना नंबर की अपाचे, तमंचा-कारतूस और 15 हजार रुपये बरामद, जालौन-बांदा की वारदातों से भी जुड़े तार

top-news

रोहित अवस्थी

औरैया I कोतवाली औरैया क्षेत्र में मिहौली पुल के पास महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। कोतवाली पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 15,150 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

रविवार की दोपहर 2 बजे ककोर मुख्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर जालौन और बांदा में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने की बात पूछताछ में स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को हजरतपुर निवासी रघुनंदन सिंह अपनी बहन और पुत्री के साथ औरैया आ रहे थे। मिहौली पुल के पास पीछे से आए बिना नंबर की अपाचे सवार दो युवकों ने उनकी बहन के गले से चेन झपट ली थी। मामले में कोतवाली औरैया में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।


घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रविवार को देवकली तिराहे पर जालौन की ओर से बिना नंबर की काले रंग की अपाचे पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों जालौन चौराहे की ओर भागने लगे। इसी दौरान बाइक फिसल गई। पुलिस ने ज्ञानेन्द्र उर्फ साहिल (21) निवासी शीतलपुर, घाटमपुर, कानपुर नगर को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

तलाशी में आरोपी के पास से तमंचा, दो कारतूस और 15,150 रुपये मिले। पुलिस ने अपाचे बाइक भी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मिहौली पुल पर चेन लूट के बाद उसके साथी ने चेन कानपुर में बेच दी थी। इसमें उसे 55 हजार रुपये मिले थे।

इसी रकम से उसने 36 हजार रुपये देकर किस्तों पर अपाचे खरीदी थी और बरामद नकदी भी उसी रकम का हिस्सा बताई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जून में बांदा और दो जुलाई को जालौन में भी साथी के साथ चेन स्नैचिंग की घटनाएं करने की जानकारी दी है।

पुलिस इन घटनाओं के संबंध में भी कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपी की तलाश के साथ आसपास के अन्य जिलों में हुई घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, एसओजी-सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी और उपनिरीक्षक शकील खान सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/2oLyboepVOQ

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *