आज की ताजा खबर

जमीनी विवाद में चली गोलियां, आईपीएस अधिकारी के पिता पर लगे आरोप

top-news

अनुराग मिश्रा

सीतापुर I सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर रविवार दोपहर करीब 2 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब NH 30 किनारे अढ़ौरी बाईपास मोड़ के पास एक महिला के घर पर पहुंचे हथियारबंद लोगों ने कथित तौर पर करीब 20 से 25 राउंड फायरिंग कर दी।

हमलावरों ने महिला को घर से बाहर खींचकर हत्या करने की धमकी भी दी। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किनारे हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से गाजीपुर बाजार में दहशत फैल गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग सहम गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खोखे बरामद कर कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, अढ़ौरी बाईपास निवासी शोभना शुक्ला पत्नी मुनीश के मुताबिक, वह मूल रूप से देवरिया गांव की रहने वाली हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने अढ़ौरी बाईपास पर 19 बिसुआ जमीन का बैनामा कराया था। जमीन के एक हिस्से पर मकान बनाकर वह परिवार के साथ रह रही हैं, जबकि शेष भूमि पर उनका कब्जा है।

शोभना का आरोप है कि इसी जमीन के संबंध में कैमहरा गांव के ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई ने वर्ष 2022 में बैनामा कराया था। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। महिला के अनुसार करीब दो माह पहले महोली तहसील में हुए मामले में फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।

आरोप है कि रविवार दोपहर डीसीएम में सवार होकर करीब तीन दर्जन लोग असलहों से लैस होकर उसके घर पहुंचे और दरवाजे पर पहुंचते ही लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद फायरिंग करने लगे। घटना के समय शोभना घर पर अकेली थीं, जबकि उनके पति और बच्चे देवरिया गांव गए हुए थे।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फायरिंग की घटना और जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *