आज की ताजा खबर

खेरेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतारें

top-news

चार घंटे तक लाइन में लगे श्रद्धालु, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

अमोघ दीक्षित

कानपुर। सावन के मौके पर कानपुर के खेरेश्वर मंदिर में सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा खेरेश्वर महादेव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। हाथों में जल, दूध, बेलपत्र और फूल लेकर पहुंचे श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे लगाते नजर आए।

मंदिर परिसर में भीड़ का आलम यह रहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए करीब चार घंटे तक कतार में इंतजार करना पड़ा। डमरू और शिवभक्तों के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय नजर आया। मंदिर समिति के अनुसार, बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे।


भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मंदिर के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एंबुलेंस और मेडिकल कैंप की व्यवस्था भी की गई। वाहनों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए मंदिर से करीब 500 मीटर पहले पार्किंग की व्यवस्था की गई।

श्रद्धालुओं की भीड़ का असर आसपास के बाजार पर भी देखने को मिला। फूल, प्रसाद और रुद्राक्ष की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों के चेहरे पर भी रौनक नजर आई।

मान्यता है कि खेरेश्वर महादेव स्वयंभू हैं और यहां श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पूजा-अर्चना करते हैं। इसी आस्था के चलते कानपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचते हैं।

इसी दौरान टीम ने अश्वत्थामा मंदिर पहुंचकर वहां के पुजारी से भी बातचीत की और मंदिर से जुड़ी मान्यताओं एवं सावन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के बारे में जानकारी ली।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कतार में अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करें और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *