आज की ताजा खबर

फसल सुरक्षा के लिए लगाई गई अवैध झटका मशीनों पर प्रशासन सख्त, हटाने का अभियान शुरू

top-news

सुलतानपुर में करंट की चपेट में आने से हुई मौतों के बाद डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों के आसपास अवैध रूप से लगाई जा रही झटका मशीनों से करंट लगने की घटनाओं और हाल में हुई मौतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त अभियान चलाकर ऐसी मशीनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।

डीएम के निर्देश के बाद जिले की सभी तहसीलों में राजस्व, पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गईं। टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर खेतों और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से लगाई गई झटका मशीनों को हटवाया।


प्रशासन के अनुसार, फसल सुरक्षा के नाम पर विद्युत करंट प्रवाहित करने वाली इन मशीनों के संपर्क में आने से लोगों और पशुओं के लिए गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। हाल में करंट लगने से हुई मौतों को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज की है।

संयुक्त टीमों द्वारा अभियान के दौरान अवैध झटका मशीनों को हटाने के साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिले के सभी क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी रखते हुए ऐसी मशीनों की निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फसल की सुरक्षा के लिए ऐसे किसी भी अवैध विद्युत उपकरण का इस्तेमाल न करें, जिससे लोगों या पशुओं की जान को खतरा हो। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *