आज की ताजा खबर

खेतों में मौत बनकर दौड़ रहा करंट ,झटका मशीन ने बुझाया घर का चिराग

top-news

बल्दीराय, सुलतानपुर। फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों के चारों ओर लगाई जा रही झटका मशीनें अब किसानों की फसल की रखवाली के बजाय इंसानी जिंदगी के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं।

बल्दीराय तहसील क्षेत्र के हलियापुर थाना अंतर्गत पूरे नोखे मजरे मेघमऊ गांव में रविवार सुबह खेत की मेड़ पर लगाए गए तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय आर्यन तिवारी पुत्र दुधनाथ तिवारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम और गांव में सनसनी फैल गई।

बताया गया कि आर्यन सुबह अपने घर के सामने स्थित चरी के खेत में गया था। परिजनों का आरोप है कि खेत की फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए पड़ोसी बैजनाथ तिवारी ने खेत की मेड़ पर झटका मशीन लगाई थी, जिसमें विद्युत तार जोड़ा गया था।


इसी दौरान आर्यन तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से किशोर गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार बल्दीराय सुनील कुमार, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और हलियापुर थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद प्रशासन सख्त

किशोर की मौत के बाद तहसील प्रशासन ने खेतों की सुरक्षा के नाम पर लगाए जा रहे विद्युत करंट वाले तारों और झटका मशीनों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह ने किसानों को खेतों से ऐसी मशीनें तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दौरान खेतों में सीधे विद्युत करंट वाले तार अथवा जानलेवा तरीके से लगाई गई झटका मशीन मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *