आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; गहने और तमंचा-कारतूस बरामद

top-news

31 जुलाई की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने किया अनावरण, आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों के साथ अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. फुरकान पुत्र मो. इस्लाम, निवासी प्यारेपट्टी, थाना कोतवाली देहात, सुलतानपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर कमरे में रखी अलमारी और बेड के नीचे से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली थी। मामले में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मो. फुरकान को चिन्हित किया।

 

पखरौली ओवरब्रिज के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, आरोपी को 9 अगस्त 2026 को दोपहर 1:44 बजे पखरौली ओवरब्रिज के नीचे ग्राम पखरौली की ओर जाने वाली सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए। इनमें सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, मूंगों वाली माला, पीली धातु का लॉकेट, एक जनाना अंगूठी, सफेद धातु की पांच जोड़ी बिछिया और पीली धातु की एक जोड़ी कान की बाली शामिल है।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से .12 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। बरामद अवैध हथियार को लेकर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं की वृद्धि की गई है। चोरी के माल की बरामदगी को लेकर भी भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

न्यायालय में पेश किया जा रहा आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मो. फुरकान के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरिशंकर राय, हेड कांस्टेबल अजय यादव और कांस्टेबल अजीत यादव शामिल रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *