आज की ताजा खबर

डीएम-एसपी ने कांवड़ियों का किया स्वागत, परोसा भोजन

top-news

शोएब खान

पीलीभीत। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों के स्वागत और सहूलियत के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में रविवार देर रात करीब 10:30 बजे मंडी समिति परिसर पहुंचे जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने परिसर में विश्राम कर रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।


स्वागत के उपरांत मंडी समिति में आयोजित विशाल भंडारे में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने स्वयं अपने हाथों से कांवड़ियों को भोजन परोसा। उच्च अधिकारियों के इस आत्मीय भाव से गद्गद श्रद्धालुओं के जयकारों "बम-बम भोले" और "हर-हर महादेव" से पूरा मंडी परिसर गूंज उठा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था को परखते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। परिसर में शुद्ध पेयजल, विश्राम और 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

आला अधिकारियों की इस पहल और इस सहयोगात्मक रवैये की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने  सराहना की। कांवड़ियों ने कहा कि अधिकारियों का यह कार्य प्रशासनिक संवेदनशीलता और धार्मिक सद्भाव की एक बेहतरीन मिसाल है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *