आज की ताजा खबर

बिजलीघर कॉलोनी में बिना अनुमति काटे आम और पीपल के पेड़, वन विभाग की जांच शुरू

top-news

शोएब खान

पीलीभीत। बिजलीघर परिसर स्थित सरकारी आवासों में बिना किसी विभागीय अनुमति के आम का पेड़ काटने और पीपल की टहनियां मशीन से छंटवाने का गंभीर मामला सामने आया है।

आरोप है कि बिजली कर्मचारियों ने रविवार को छुट्टी के दिन का फायदा उठाकर पेड़ कटवा दिए और लकड़ी को ट्रॉली में भरकर ठिकाने लगा दिया।

डिवीजन कार्यालय के समीप बने सरकारी आवासों में बिजली विभाग के कर्मचारी रहते हैं। रविवार को कर्मचारियों ने परिसर स्थित एक आवास के अंदर खड़े आम के पेड़ को बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के कटवा दिया।


इसके साथ ही आवास के पीछे स्थित पीपल के पेड़ की बड़ी टहनियों को भी कटर मशीन से कटवा दिया गया। कटान के तुरंत बाद लकड़ी को ट्रॉली में लोड कर मौके से हटा दिया गया।

सरकारी जमीन पर अवैध कटान की सूचना मिलने पर सामाजिक वानिकी विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई।

वन दरोगा सुरजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। जांच में पुष्टि हुई कि काटे गए पेड़ बिजली विभाग की सरकारी जमीन पर ही खड़े थे।

वन दरोगा सुरजीत कुमार ने बताया कि पूरी जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जा रही है।

इसके साथ ही बिजली विभाग को भी रिपोर्ट सौंपी जाएगी। काटे गए पेड़ों का नियमानुसार मूल्यांकन कराया जाएगा और विभागीय रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *