आज की ताजा खबर

कलेक्ट्रेट में फूटा गुस्सा: अस्पताल सील करने की मांग पर परिजनों ने की आत्मदाह की कोशिश, मची भगदड़

top-news

डॉक्टरों पर एफआईआर के बाद भी कार्रवाई न होने पर भड़के परिजन, 'सीएमओ मुर्दाबाद' के नारों से गूंजा

शोएब खान

पीलीभीत। गांधी स्टेडियम रोड स्थित धनवंतरी अस्पताल में महिला की मौत के बाद डॉक्टरों पर एफआईआर होने के बावजूद अस्पताल सील न किए जाने से परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में परिजनों ने डीएम और सीएमओ के सामने ही पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।

पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाकर हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर हादसा टाला। इस दौरान तीखी धक्का-मुक्की हुई और तीन थानों की पुलिस बुलानी पड़ी।


खबर लिखे जाने तक परिजन कलेक्ट्रेट में डटे थे। सुनगढ़ी के महाराणा रणजीत सिंह कॉलोनी निवासी पूनम उर्फ पदमा अवस्थी (53) को हाथ के फ्रैक्चर के इलाज के लिए धनवंतरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिजनों का आरोप है कि दवा की ओवरडोज और लापरवाही से उनकी मौत हो गई। मृतका के बेटे अनुराग अवस्थी की तहरीर पर डॉ. अक्षय पांडेय व डॉ. उपेंद्र नाथ मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं परिजनों का कहना है कि एफआईआर के बाद भी अस्पताल का संचालन जारी रहने से साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका है।

इसी मांग को लेकर परिजन कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। आक्रोशित लोगों ने 'सीएमओ मुर्दाबाद' और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का कहना है कि जब तक अस्पताल सील नहीं होगा, धरना जारी रहेगा।

उधर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि दर्ज मुकदमे की गहनता से विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *