आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

top-news

पुलिस टीमों ने स्कूल, बाजार और गांवों में पहुंचकर किया जनसंवाद, हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया

साइबर ठगी से बचाव, आत्मनिर्भरता और यातायात नियमों के प्रति भी लोगों को किया जागरूक

सूरज विश्वास

सुलतानपुर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के दूसरे चरण के तहत सोमवार को सुलतानपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों, एंटी रोमियो टीमों और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, बस स्टैंड और ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर महिलाओं, छात्राओं और आमजन से संवाद किया।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी तरह के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने आपात स्थिति में 112, महिला सहायता के लिए 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क करने की जानकारी दी।


महिला सुरक्षा के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी

जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं को सुरक्षा के साथ उनके लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीमों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना समेत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

महिलाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया। पात्र महिलाओं से संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई।

गांवों में चौपाल लगाकर कानूनी अधिकार बताए

ग्रामीण क्षेत्रों में महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपाल और महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

पुलिस टीमों ने महिलाओं से अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचाने और आसपास की अन्य महिलाओं को भी उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके

अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड का विवरण और पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट और मोबाइल ऐप से भी सावधान रहने को कहा गया।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर बिना समय गंवाए 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि ठगी की रकम को समय रहते सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ सके।

एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर किया संवाद

एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से बातचीत की। छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।

यातायात नियमों के पालन की भी अपील

अभियान के दौरान यातायात नियमों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।

सुलतानपुर पुलिस ने लोगों से महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों और सरकारी योजनाओं के संबंध में खुद जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *