आज की ताजा खबर

उन्नाव में मोबाइल चोरी के आरोप में युवक को सजा देने का आरोप, सिर मुंडवाकर जूते-चप्पलों की माला पहनाकर घुमाया

top-news

आसीवन के पाठकपुर गांव का वीडियो वायरल, पुलिस ने पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

हाथ बांधने और आधी मूंछ काटने का भी आरोप, सीओ बोले- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

मोहम्मद आरिफ

उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो में युवक को सिर मुंडाकर और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


मोबाइल चोरी के शक में युवक को पकड़ने का आरोप

जानकारी के अनुसार पाठकपुर गांव निवासी राजू करीब 50 वर्ष अपने बेटे राज के साथ गांव के बाहर एक बाग में झोपड़ी बनाकर रहते हैं। बताया गया कि 30 जुलाई की रात दोनों झोपड़ी के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन चोरी हो गए।

बताया गया कि राजू का मोबाइल बाद में एक बंद गुमटी के पास मिला। इसके बाद राजू और उसके बेटे राज ने गांव निवासी सोनू को पकड़कर मोबाइल चोरी की शिकायत की। आरोप है कि इसके बाद सोनू के साथ मारपीट की गई और उसके हाथों में रस्सी बांध दी गई।


सिर मुंडवाकर जूते-चप्पलों की माला पहनाने का आरोप

आरोप है कि युवक का सिर मुंडवाया गया, उसकी आधी मूंछ काट दी गई और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी हुई है। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो से जुड़े तथ्यों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *