आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में गर्भपात के बाद महिला की मौत, झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग; ग्रामीणों ने सड़क जाम की

top-news

कादीपुर क्षेत्र में इलाज के दौरान 28 वर्षीय गुड़िया की लखनऊ मेडिकल कॉलेज में मौत, आरोपी महिला फरार

नाराज ग्रामीणों ने कादीपुर-दोस्तपुर मार्ग पर लगाया जाम, पुलिस मौके पर मौजूद

श्यामचंद्र श्रीवास्तव

सुलतानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में गर्भपात के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ने और इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को कादीपुर-दोस्तपुर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण कथित तौर पर गर्भपात करने वाली महिला की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सूचना पर कादीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था संभालने में जुटी है।

गर्भपात के बाद बिगड़ी थी तबीयत

मुस्तफाबाद सरैया निवासी गुड़िया निषाद करीब 28 वर्ष की थीं। बताया गया कि उनकी शादी अंबेडकरनगर के पीढ़ी निवासी बृजेश से हुई थी। उनका करीब पांच साल का एक बेटा भी है। परिजनों के अनुसार गुड़िया गर्भवती थीं और कुछ समय से अपने मायके मुस्तफाबाद सरैया में रह रही थीं।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले स्थानीय स्तर पर संचालित एक क्लिनिक में आजमगढ़ के संजरपुर निवासी शोभावती यादव नाम की महिला ने गुड़िया का गर्भपात किया था। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद से ही उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।


लखनऊ में इलाज के दौरान हुई मौत

परिजनों के मुताबिक, गुड़िया की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें 8 अगस्त को इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गर्भपात करने वाली महिला घटना के बाद से फरार है। ग्रामीण उसकी गिरफ्तारी और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कादीपुर-दोस्तपुर मार्ग पर लगाया जाम

महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने कादीपुर-दोस्तपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क पर प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। ग्रामीण आरोपी महिला की गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर कादीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मामले में पुलिस की ओर से जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *